आबकारी एवं कराधान विभाग के आयुक्त नेजीरो टोलरेंस नीति अपनाने के निर्देश
हरियाणा का बॉर्डर दिल्ली के साथ लगने से गुरुग्राम संवेदनशील इलाका
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। आबकारी एवं कराधान विभाग के आयुक्त अशोक मीणा ने कहा कि हरियाणा का बॉर्डर दिल्ली के साथ लगने के कारण लोकसभा आम चुनाव के दृष्टिगत गुरुग्राम जिला अवैध शराब की बिक्री व जीएसटी चोरी के लिए संवेदनशील क्षेत्र है। ऐसे में जिला मुख्यालय से पंचायत स्तर तक जीरो टोलरेंस नीति अपनाते हुए अवैध शराब की बिक्री नहीं होनी चाहिए। चुनाव प्रबंधन की दृष्टि से हरियाणा की काफी बेहतर छवि है, जिसे बरकरार रखना सभी की जिम्मेदारी है।
आयुक्त अशोक मीणा शनिवार को लघु सचिवालय स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में गुरुग्राम व नूंह जिला की स्टेटिकल सर्विलांस टीम (नाका इंचार्ज), फ्लाइंग स्क्वायड टीम व अन्य अधिकारियों की बैठक ले रहे थे। इस मौके पर जिला निर्वाचन अधिकारी एवं डीसी निशांत कुमार यादव व नूंह के जिला निर्वाचन अधिकारी एवं डीसी धीरेंद्र खड़गटा भी मौजूद रहे।
आयुक्त अशोक मीणा ने बैठक के दौरान अधिकारियों को बताया कि चुनाव के समय अवैध शराब के कारोबार से जुड़े लोग जिला प्रशासन की पकड़ से बचने के लिए हर पल अपनी रणनीति में बदलाव करते हैं। ऐसे में अवैध शराब की गतिविधियों से निपटने के लिए ह्यूमन इंटेलिजेंस डेवलप करनी होगी। आबकारी विभाग द्वारा इलेक्शन सीजर मैनेजमैंट पोर्टल भी बनाया हुआ है। एनफोर्समेंट ब्यूरो, पुलिस विभाग, एक्साइज विभाग व अन्य नाकों पर संबंधित टीम द्वारा जो कार्रवाई की जा रही है, वह इस पोर्टल पर भी अपलोड करें। इस समय में जर्जर पड़े भवनों में इस कार्य को किए जाने का अंदेशा होता है, इसलिए निगरानी रखें। अशोक कुमार मीणा ने कहा कि पंजाब, चंडीगढ़ के माध्यम से हरियाणा के जरिए अन्य राज्यों में शराब की आवाजाही के लिए आबकारी विभाग द्वारा हरियाणा में 42 रूट निर्धारित किए गए हैं, एक पोर्टल भी बनाया गया है। लाइसेंस प्राप्त फर्मों को आवागमन के लिए उपरोक्त 42 रूट में से ही अपनी सुविधानुसार मार्ग का चयन करना होगा। अन्य मार्ग का प्रयोग करने पर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। विशेष रूप से पंजाब और चंडीगढ़ से आने वाली हर गाड़ी की गहनता से जांच करें।
जिले में 6 प्रमुख मार्गों पर नाके लगाए गए
जिला निर्वाचन अधिकारी निशांत कुमार यादव ने बताया कि अवैध शराब की रोकथाम के लिए जिले में 6 प्रमुख मार्गों पर नाके लगाए गए। वहीं, स्टेटिकल सर्विलांस टीम व फ्लाइंग स्क्वायड टीम की बैठक लेकर उन्हें स्पष्ट निर्देश दिये जा चुके हैं। शराब और नकदी की तस्करी पर नजर रखने के लिए प्रशासन ने 12 स्टेटिक सर्विलांस टीमें (एसएसटी) भी बनाई हैं। नूंह के जिला निर्वाचन अधिकारी धीरेंद्र खड़गटा ने बताया कि जिले में 13 प्रमुख मार्गों पर नाकों की व्यवस्था की गई है। जिसके लिए 27 जांच टीमें गठित कर सभी को आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए हैं। बैठक में एडीसी हितेश कुमार मीणा, एसडीएम विश्वजीत चौधरी, एसडीएम सोनू भट्ट, एसडीएम रविंद्र कुमार, एसडीएम दर्शन यादव, एसडीएम होशियार सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।