फर्रुखनगर। डब्ल्यूटीपी पंप हाउस खेड़ा झांझरोला में बदमाशों द्वारा दो सुरक्षाकर्मियों को बंधक बनाकर लाखों रुपये का सामान और ट्रांसफार्मर की कॉइल चोरी करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में पंप हाउस पर तैनात सुरक्षाकर्मी मनीष निवासी खेड़ा झांझरोला ने बताया कि वह साथी रविंद्र के साथ शनिवार रात ड्यूटी पर मौजूद था। रात करीब एक बजे खेतों की तरफ से 3-4 अज्ञात युवक पंप हाउस की ओर आते दिखाई दिए। शक होने पर दोनों सुरक्षाकर्मी साइड में बने कमरे में चले गए। मनीष के अनुसार, कुछ देर बाद 2-3 युवक कमरे के पास पहुंचे और बाहर से दरवाजा बंद कर दोनों गार्डों को बंधक बना लिया। इसके बाद बदमाशों ने पंप हाउस के दूसरे कमरे का ताला तोड़कर वहां रखा बिजली का सामान चोरी कर लिया। आरोप है कि बदमाशों ने 200 किलोवाट के ट्रांसफार्मर को भी तोड़ दिया और उसके अंदर लगी तांबे की कॉइल निकालकर ले गए। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी भाग गए। जाते-जाते उन्होंने कमरे के बाहर से उन्हें धमकी दी कि यदि उन्होंने शोर मचाया या पुलिस को सूचना दी तो उन्हें जान से मार दिया जाएगा। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। संवाद