फॉलोअप...शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंपा
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। सेक्टर-93 पुलिस चौकी क्षेत्र में निर्माणाधीन रेवाड़ी रोड की सड़क किनारे खड़े कैंटर से 19 मई की सुबह मिले शव का बुधवार को पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम में युवक की हार्ट अटैक से मौत होने की बात सामने आई है। मृत युवक के शरीर पर काेई चोट का निशान नहीं मिला। पोस्टमार्टम के बाद युवक के शव को परिजनों को सौंप दिया गया। मृतक की पहचान जींद के नरवाना रोड निवासी संजय के रूप में हुई है।
बता दें कि 19 मई सुबह करीब 9 बजे राहगीरों ने कैंटर में युवक का शव पड़ा होने की सूचना दी थी। कैंटर से बदबू आने व मक्खियां भिनभिनाते पाए जाने पर लोगों ने कैंटर के अंदर झांककर देखा था। सूचना मिलते ही सेक्टर-93 चौकी की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने कैंटर की खिड़कियां खोलकर देखा तो एक युवक केबिन की सीट पर ओधे मुंह मृत अवस्था में पड़ा था।
पोस्टमार्टम में युवक की हार्ट अटैक से मौत होने की बात सामने आई है। परिवार वालों के बयान दर्ज किए गए हैं व शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है।
- प्रदीप, सब इंस्पेक्टर व प्रभारी, सेक्टर-93 पुलिस चौकी