-मानसिक रूप से परेशान चल रहा था युवक, नहीं मिला कोई सुसाइड नोट
अमर उजाला ब्यूरो
गुुरुग्राम। बादशाहपुर थाना क्षेत्र में एक युवक ने शुक्रवार की शाम किराये के कमरे में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलने पर पुलिस, एफएसएल व फिंगरप्रिंट विशेषज्ञों की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। मृतक की पहचान गोरखपुर (उत्तर प्रदेश) के गिरधरपुर निवासी सुरजीत (25) के रूप में हुई है। वह बादशाहपुर क्षेत्र में निजी कंपनी में काम करता था और पास ही अपने गांव के युवक सुमित के साथ किराये पर रहता था। शुक्रवार की शाम को जब सुमित नौकरी के बाद वापस कमरे पर आया तो कमरा अंदर से बंद मिला। आवाज देने के बाद भी सुरजीत ने दरवाजा नहीं खोला तो सुमित ने खिड़की से झांककर देखा तो वह अंदर पंखे से फंदा लगाकर लटका मिला।
सुमित ने मकान मालिक व पड़ोसियों को सुरजीत द्वारा फंदा लगाने के बारे में जानकारी दी। उन्होंने तुरंत कमरे का दरवाजा तोड़कर सुरजीत को फंदे से उतारा, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। इसके बारे में पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी गई तो बादशाहपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर छानबीन शुरू की।
जांच अधिकारी संजीव ने बताया कि कमरे से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। परिजनों के बयान दर्ज किए गए हैं, जिनमें कोई संदिग्ध बात सामने नहीं आई है। सुरजीत पिछले कुछ समय से मानसिक रूप से परेशान बताया जा रहा था। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस मामले की छानबीन की कर रही है, कोई संदिग्ध बात सामने आएगी। उसी आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।