निजी कंपनी में करता था नौकरी
पुलिस ने दरवाजा तोड़कर कमरे से निकाला शव
अमर उजाला ब्यूराे
गुरुग्राम। सेक्टर-56 थाना क्षेत्र में एक युवक ने रविवार को अज्ञात कारणों से किराये के कमरे में पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कमरे का दरवाजा तोड़कर शव को कब्जे में लिया। पुलिस मामले की गहनता से छानबीन की रही है।
मृतक की पहचान गाजियाबाद (उत्तर प्रदेश) के शमशेर गांव निवासी अश्वनी कुमार के रूप में हुई है। वह पिछले कुछ समय से निजी कंपनी में नौकरी कर रहा था और सेक्टर-56 थाना क्षेत्र में किराये के कमरे में रहता था। रविवार को अश्वनी कुमार जब पूरे दिन बाहर नहीं निकला तो साथ के कमरों में रहने वालों ने दरवाजा खटखटाया। कमरे से कोई आवाज या हलचल नहीं आने पर मकान मालिक को सूचना दी गई।
मकान मालिक ने इस बारे में पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने पहुंचकर कमरे का दरवाजा तोड़ा तो अश्वनी कुमार का शव पंखे से फंदे पर लटका मिला। पुलिस टीम ने कमरे में निरीक्षण किया तो कोई सुसाइड नोट नहीं मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी में पहुंचाया। सोमवार को शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया।
उधर, युवक के परिजनों का कहना है कि शनिवार को अश्वनी ने उनसे फोन पर बातचीत की थी। वह किसी तरह से परेशान नहीं लग रहा था।परिजनों ने किसी पर संदेह नहीं जताया है।
जांच अधिकारी जगबीर सिंह ने बताया कि युवक के आत्महत्या के कारणों का पता नहीं लगा है। युवक के मोबाइल को जब्त किया गया है। मोबाइल को जांच के लिए भेजा जाएगा। अभी कोई संदिग्ध बात सामने नहीं आई है। मामले की गहनता से छानबीन की जा रही है।