-निर्माण की गुणवत्ता पर उठी अंगुलियां, ग्रामीणों ने लगाया भ्रष्टाचार का आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
पुन्हाना। उपमंडल के बीसरू गांव में गुलालता मार्ग पर पानी की निकासी के लिए बनाए जा रहे नाले की दीवार काम पूरा होने से पहले ही गिर गई। हालांकि इस दौरान किसी के हताहत होने की सूचना तो नहीं है। लेकिन इससे एक बार फिर निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो गए हैं। ग्रामीणों ने निर्माण कार्य में भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए संबंधित ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
बीसरू गांव में गुलालता रोड पर लंबे समय से जलभराव की समस्या थी। तमाम शिकायतों के बाद कुछ समय पूर्व जिला परिषद ने समस्या के समाधान के लिए नाला निर्माण को मंजूरी दी। तकरीबन पांच माह पूर्व जिला पार्षद के घर से जोहड तक इसका निर्माण कार्य शुरू हुआ, जो लगभग पूरा हो चुका है। लेकिन शनिवार को अचानक नाले की दीवार गिर गई। ग्रामीण हारूण, अकबर, तफज्जुल, हारिश, असरूदीन, रिहान, जाहिद, रफीक, सुल्ला ने नाले का निर्माण कर रहे ठेकेदार पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाया है। ग्रामीणों का कहना है जिला परिषद द्वारा तकरीबन पांच लाख रुपये की कीमत से नाला बनाया जा रहा है। जिसमें कई महीनों से काम चल रहा है। निर्माण कार्य में घटिया सामग्री लगाई जा रही है जिसके कारण दीवार गिर गई। इसकी जांच कर संबंधित ठेकेदार पर कार्रवाई की जाए।
तकरीबन पांच लाख रुपये की लागत से पानी की निकासी को लेकर नाला बनाया जा रहा है जिसकी बरसात के कारण दीवार गिर गई है। ठेकेदार से नाले की दीवार का दोबारा से निर्माण कराया जाएगा।
फकरूदीन, जिला पार्षद वार्ड नं 23