23 से 27 जुलाई तक प्रवेश शुल्क जमा कर सीट सुनिश्चित कर सकेंगे छात्र
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। जिले के सरकारी महाविद्यालयों में स्नातक प्रथम वर्ष यूजी में प्रवेश के लिए आवेदन व दस्तावेजों के सत्यापन की प्रक्रिया पूरी हो गई है। अब विद्यार्थियों का इंतजार 22 जुलाई को जारी होने वाली पहली मेरिट सूची पर है। चयनित विद्यार्थियों को 23 से 27 जुलाई तक प्रवेश शुल्क जमा कर अपनी सीट सुनिश्चित करनी होगी।
उच्च शिक्षा विभाग के अनुसार पहली प्रोविजनल मेरिट सूची 21 जुलाई को जारी की जाएगी, जबकि आपत्तियों के निस्तारण के बाद 22 जुलाई को पहली फाइनल मेरिट सूची प्रकाशित होगी। इसके बाद 28 जुलाई को दूसरी प्रोविजनल और 29 जुलाई को दूसरी फाइनल मेरिट सूची जारी की जाएगी। दूसरी सूची में चयनित अभ्यर्थियों को 30 जुलाई से 3 अगस्त तक फीस जमा करने का अवसर मिलेगा।
यदि दोनों मेरिट सूचियों के बाद भी सीटें रिक्त रहती हैं तो 4 अगस्त से ओपन काउंसिलिंग शुरू की जाएगी। नए आवेदनों के लिए प्रवेश पोर्टल 5 अगस्त को दोबारा खोला जाएगा। 6 से 12 अगस्त तक 100 रुपये विलंब शुल्क के साथ आवेदन किए जा सकेंगे, जबकि 13 से 19 अगस्त तक अतिरिक्त विलंब शुल्क के साथ प्रवेश का अवसर मिलेगा। उच्च शिक्षा विभाग ने विद्यार्थियों से अपील की है कि वे अपने पंजीकृत मोबाइल नंबर और प्रवेश पोर्टल पर नियमित रूप से अपडेट देखते रहें तथा निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी औपचारिकताएं पूरी करें, ताकि प्रवेश प्रक्रिया में किसी प्रकार की परेशानी न हो।