गुरुग्राम। आधुनिकता के दौर में भले ही हरियाली तीज की पूजा सामग्री से लेकर थीम डेकोरेशन का सामान ऑनलाइन कुछ ही मिनटों में उपलब्ध है, लेकिन इस बार तीज की खरीदारी पर वोकल फॉर लोकल की भावना पूरी तरह भारी दिख रही है। शहर के सदर बाजार और स्थानीय सेक्टर मार्केट में त्योहार को लेकर भारी रौनक है। हालांकि, सदर बाजार से दूर बसी नई सोसाइटियों के निवासियों के पास ऑनलाइन शॉपिंग एक बड़ा सहारा है, लेकिन वहां भी सोसाइटियों के भीतर सक्रिय महिला उद्यमियों ने स्थानीय स्तर पर ही जरूरत का सारा सामान उपलब्ध कराकर नया ट्रेंड सेट किया है। महिलाओं का कहना है कि ऑनलाइन प्लेटफॉर्म त्योहार की नई किस्मों और चीजों की जानकारी जरूर देते हैं, लेकिन त्योहार का असली आनंद स्थानीय मेहंदी कलाकारों, चूड़ी और मिठाई विक्रेताओं को संबल देने में है, यही वजह है कि लोग पारंपरिक खरीदारी के लिए बाजारों का रुख कर रहे हैं। संवाद
ऑफलाइन खरीदारी से स्थानीय विक्रेताओं को मिलता है मौका
हमारी सोसाइटी में एथनिक वियर, मेंहदी या फिर गिफ्ट आइटम सभी सोसाइटी में रहने वाली महिलाएं उपलब्ध करा देती है। -ईशा बावा, पाम हिल्स, सेक्टर-77
आज के दौर हर मौके पर ऑनलाइन की खरीदारी के बजाय त्योहारों पर ऑफलाइन खरीदारी से स्थानीय विक्रेताओं को मौका मिलता है। -अलीशा, सेक्टर-109
मेले के डेकोरेशन के लिए काफी चीजें ऑनलाइन मिल रही हैं मगर एथनिक वियर, मेंहदी, घेवर स्थानीय बाजार से ही खरीद रहे हैं। -शिल्पी अग्रवाल, ब्रिस्क लुंबिनी, सेक्टर-109
ऑनलाइन चीजें हैं मगर त्योहार की पारंपरिक चीजें जैसे मेंहदी लगवाना, रंग-बिरंगे एथनिक परिधान, मिठाइयां स्थानीय बाजार से ही खरीदी जाएंगी। -नेहा आनंद, जॉय विले, सेक्टर 102