गुरुग्राम। केंद्रीय मंत्री ने दूसरे सत्र में गुरुग्राम शहर में स्वच्छता, जलनिकासी, बंधवाड़ी लैंडफिल साइट व नागरिकों की समस्याओं से जुड़े विभिन्न विषयों के बारे में जानकारी ली। जीएमडीए के सीईओ श्यामल मिश्रा ने केंद्रीय राज्य मंत्री को अवगत कराया कि धनवापुर और बहरामपुर में एसटीपी की क्षमता बढ़ाई जाएगी, जिससे किसानों को सिंचाई के लिए शोधित जल उपलब्ध होगा। वहीं, शहर के पार्क व उद्योगों में भी इसका उपयोग हो सकेगा। नगर निगम के आयुक्त प्रदीप दहिया ने अवगत कराया है कि बंधवाड़ी लैंडफिल साइट पर लीगेसी वेस्ट के निपटान के लिए टेंडर इसी माह के अंत में खोला जाएगा।साथ ही टेंडर लेने वाली कंपनियों को लीगेसी वेस्ट के निपटान के लिए निर्धारित समय सीमा दी जाएगी। केंद्रीय राज्य मंत्री ने निर्देश देते हुए कहा कि पिछले अनुभव से सबक लेते हुए नई एजेंसी के कार्य की तिमाही के आधार पर समीक्षा की जाए। वहीं, इस बार जलभराव से सबक लेते हुए गुरुग्राम शहर के प्राकृतिक जल प्रवाह का भी अध्ययन कराया जाए। ब्यूरो