गुरुग्राम। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, गुरुग्राम में सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत विभिन्न सामाजिक व शैक्षिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इनमें पौधरोपण, रक्तदान शिविर, कॅरिअर परामर्श सत्र, संस्थान सफाई अभियान व उभरते और भावी कौशल विषय पर संगोष्ठी का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में रक्तदान शिविर का शुभारंभ भाजपा जिला अध्यक्ष सर्वप्रिय त्यागी ने किया। शिविर का संचालन सिविल अस्पताल गुरुग्राम की चिकित्सक टीम द्वारा किया गया। इसमें 75 छात्रों एवं स्टाफ सदस्यों ने रक्तदान किया। प्रिंसिपल रविन्द्र कुमार ने बताया कि संस्थान परिसर में आयोजित पौधरोपण कार्यक्रम के माध्यम से छात्रों व स्टाफ ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत सफाई अभियान भी चलाया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने परिसर की साफ-सफाई कर स्वच्छता के महत्व पर बल दिया। कार्यक्रम में संस्थान के सभी प्रशिक्षकों, स्टाफ व विद्यार्थियों ने सक्रिय रूप से भाग लिया और सेवा, सहयोग, पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता व आधुनिक कौशल विकास के प्रति सकारात्मक संदेश दिया।