12 किलोमीटर की दूरी को तय करने में लगते हैं 50 मिनट
संवाद न्यूज एजेंसी
बादशाहपुर। क्षेत्र में ट्रैफिक जाम की समस्या बढ़ती जा रही है, जिसका खामियाजा अब शहर के बाहरी क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को भी भुगतना पड़ रहा है। बादशाहपुर से गुरुग्राम रेलवे स्टेशन तक का सीधा 12 किलोमीटर का सफर है, जो की अधिकतम 20 से 25 मिनट में पूरा हो जाना चाहिए, लेकिन उसे तय करने में वाहन चालकों को 50 मिनट तक का समय लग रहा है।
बादशाहपुर से रेलवे स्टेशन तक का रास्ता तो सीधा है, लेकिन बीच में पड़ने वाले चौकों पर वाहनों का दबाव अधिक रहता है। इस कारण रेलवे स्टेशन तक लोगों को पहुंचने में समय ज्यादा लगता है।बादशाहपुर से गुरुग्राम की ओर से आते हुए सबसे पहले वाटिका चौक पर लगे जाम का सामना करना पड़ता है। यहां से एलिवेटेड रोड पर प्रवेश करते समय ही वाहनों का दबाव इतना बढ़ जाता है कि मिनटों का इंतजार घंटों में बदल जाता है। यह प्रवेश ही वाहनों के जाम की नींव बन जाता है।
मालिबू टाउन में रहने वाले आईएस अरोड़ा बताते हैं कि कई बार बीच सड़क पर ही वाहन खड़े कर देते है, जिसके कारण सड़क पर चलने वाले वाहनों की गति बहुत ही धीमी हो जाती है। चालकों को लंबे समय तक जाम में खड़ा रहना पड़ता है, जिससे उन्हें अपने निर्धारित स्थान पर पहुंचने में अधिक समय लगता है
बादशाहपुर के रहने वाले अजय कहते हैं कि किसी तरह से यहां से निकल जाएं तो आगे सोहना चौक से रेलवे स्टेशन तक हमेशा व्यस्त रहता है। इस मुख्य सड़क पर शहर का सदर बाजार भी स्थित है। पीक आवर्स में लोगों की भारी भीड़ रहती है, जिससे सड़क पर दबाव अधिक रहता है। सुबह और शाम के व्यस्त समय में तो स्थिति और भी गंभीर हो जाती है।