सरहोल बॉर्डर पर जाम से निजात दिलाने के लिए यातायात पुलिस ने बनाई थीं
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। सरहोल बॉर्डर पर जाम से निजात दिलाने के लिए यातायात पुलिस की तरफ से बनाई गईं तीन लेन का सोमवार सुबह असर देखने को मिला। साइबर सिटी जाने वाले वाहनों की लेन में जाम था लेकिन राजीव चौक-जयपुर जाने वाले वाहन चालक बिना किसी रुकावट के जा सके।
यातायात पुलिस की तरफ से सरहोल बॉर्डर पर बैरिकेड लगाकर तीन लेन बनाई गई हैं। सबसे दाईं लेन से राजीव चौक-जयपुर जाने वाले, बीच वाली लेन में साइबर सिटी और बाईं लेन में एंबियंस मॉल की तरफ से जाने वाले वाहन चालक जा सकते हैं।
यातायात पुलिस की तरफ से बुधवार को ट्रायल शुरू किया गया था। उस दिन वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा था। सोमवार सुबह दिल्ली से आने वाले वाहन चालक बिना परेशानी के अपनी लेन में चले गए थे। साइबर सिटी वाले रास्ते पर जब जाम लगता हो तो उसकी वजह से राजीव चौक-जयपुर जाने वाले वाहन चालकों को भी जाम में जूझना पड़ता है। इसी के लिए यातायात पुलिस की तरफ से तीन लेन बनाई गई हैं, ताकि राजीव चौक-जयपुर जाने वाले वाहन चालक बिना रुकावट के अपने गंतव्य तक जा सकें।