गुरुग्राम। आरडी सिटी में कैशियर की आंख में लाल मिर्च पाउडर झोंककर साढ़े चार लाख की लूट करने वाले तीसरे आरोपी को भी पुलिस ने दबोच लिया है। दो आरोपियों को बृहस्पतिवार को ही पकड़ लिया गया था। दोनों को रिमांड पर लिया गया, तो उन्होंने तीसरे साथी का नाम बता दिया। तीसरा आरोपी विशाल कैशियर की कंपनी में ही सुपरवाइजर के तौर पर तैनात है। उसी ने लूट की योजना बनाई थी।
सेक्टर-53 स्थित आरडी सिटी के गेट नंबर चार पर बुधवार को कैश मैनेजमेंट सर्विस के कैशियर जितेंद्र कुमार की आंखों में मिर्ची पाउडर डालकर बाइक सवार बदमाश साढ़े चार लाख रुपये से भरा बैग लूट ले गए थे। बृहस्पतिवार को इस मामले में अपराध शाखा सेक्टर-40 पुलिस की टीम ने वारदात में शामिल दो आरोपियों को गांव वजीराबाद से पकड़कर घटना का खुलासा कर दिया। पकड़े गए आरोपी कैशियर की ही कंपनी के कर्मचारी चेतराम व रमाकांत से पुलिस ने लूट के 2.35 लाख रुपये भी बरामद कर लिए थे। शनिवार को जब इन दोनों को पुलिस ने रिमांड पर लिया, तो उन्होंने मुख्य आरोपी कंपनी में ही सुपरवाइजर विशाल का नाम बता दिया। पुलिस ने शनिवार को विशाल निवासी शिवाजी पार्क को सेक्टर-52 से दबोच लिया।