परिसर में लगा रहा भक्तों का तांता, कंजिका पूजन और भंडारे शुक्रवार की सुबह होंगे
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। शीतला माता मंदिर में बुधवार को भक्तों ने देवी के सातवें रूप कालरात्रि का पूजन किया। उदय तिथि होने के कारण नवमी की पूर्णाहुति, हवन और भंडारे 27 मार्च शुक्रवार को होंगे। पंडितों के अनुसार, 26 मार्च को सुबह 11.50 बजे से नवमी शुरू होगी और 27 मार्च को सुबह 10.08 बजे तक रहेगी। इसलिए माता सिद्धिदात्री का पूजन, हवन, नवमी पर कंजिका पूजन और भंडारे शुक्रवार की सुबह होंगे।
बुधवार को श्री माता शीतला के दरबार में भक्तों का तांता लगा रहा। हालांकि, यह संख्या रविवार से मंगलवार तक आने वाले श्रद्धालुओं के मुकाबले कम रही। मंदिर परिसर में दूर-दराज से आए श्रद्धालु जगह-जगह परिवार सहित बैठे नजर आए।
मंदिर के पुजारी पं. ललित ने बताया कि मंदिर में शुक्रवार नवरात्रि की पूर्णाहुति, हवन, कंजिका पूजन और भंडारे का आयोजन होगा। मंदिर के अधिकारी यज्ञ दत्त शर्मा ने बताया कि बृहस्पतिवार को अष्टमी के मौके पर सर्वाधिक श्रद्धालुओं के आने की उम्मीद है। रविवार से मंगलवार तक मंदिर में सबसे ज्यादा भीड़ रही।