पटेल नगर के प्रधान ने प्रशासन से की जलभराव निकासी की मांग
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। पटेल नगर में बारिश के दिनों में रास्तों पर पानी जमा हो जाता है। पटेल नगर के प्रधान ने प्रशासन से बारिश के बाद होने वाले जलभराव की निकासी मांग की है।
बारिश में हाईवे और सेक्टर-15 पार्ट 2 का पानी गली के ट्यूबवेल से लेकर झाड़सा रोड तक नदी की तरह बहता रहता है। सभी गलियों में सीवर ओवरफ्लो हो रहा है और साथ ही कई जगहों पर सीवर के ढक्कन टूटे हुए हैं। इस कारण स्थानीय लोगों, स्कूली बच्चों और बुजुर्गों को काफी परेशानी झेलनी पड़ती है। उनका कहना है कि नगर निगम पिछले 11 सालों से कहता आ रहा है कि इस बार पानी की निकासी कर देंगे।
हालांकि इस काम पर करोड़ों रुपये खर्च किए जा रहे हैं। इसके बावजूद भी पूरे शहर में पानी की निकासी और कूड़े के ढेर में कोई कमी नहीं दिखाई देती। प्रधान चौधरी दीपचंद ने कहा कि जनता की समस्या का कोई समाधान नहीं हो रहा। नगर निगम आम जनता की बातों पर ध्यान दे और जनता की समस्याओं को हल करे।