गुरुग्राम। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव एवं हरियाणा मामलों के सह-प्रभारी जितेंद्र बघेल ने कहा कि संगठन में अच्छा काम करने वाले कार्यकर्ताओं का कद बढ़ेगा। हमें एकता और मजबूती के साथ काम करते हुए संगठन को आगे बढ़ाने का काम करना है। वे सोमवार को जिला कांग्रेस कार्यालय में गुरुग्राम शहरी कांग्रेस के पदाधिकारियों के साथ मासिक समीक्षा बैठक ले रहे थे। सह-प्रभारी जितेंद्र बघेल ने कहा कि सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की मेहनत से संगठन लगातार मजबूत हो रहा है। हम जनता के हितों को मजबूती के साथ उठाकर जनता का विश्वास और मजबूत कर रहे हैं। बैठक में पहुंचे वार्ड प्रभारियों को भी उन्होंने संगठन की मजबूती के लिए टिप्स दिए। उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा केंद्र और राज्यों में सरकार बनाकर वहां की जनता का भला करने की बजाय अपने संगठन के लिए काम करती है। इस मौके पर कांग्रेस जिला अध्यक्ष (शहरी) पंकज डावर समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे। ब्यूरो