नागरिक अस्पताल सेक्टर-10 में राष्ट्रीय महिला आयोग की सदस्य ममता कुमारी ने किया केंद्र का उद्घाटन
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। शादी से पहले युवाओं को मानसिक, भावनात्मक और सामाजिक रूप से तैयार करने के लिए राष्ट्रीय महिला आयोग ने अनोखी पहल की है ताकि वे एक सफल वैवाहिक जीवन के साथ एक सुदृढ़ समाज का निर्माण करने में सहभागी बनें।
महिला दिवस के अवसर पर गुरुग्राम में प्रदेश के पहले विवाह पूर्व परामर्श केंद्र (प्री-मैरिटल काउंसलिंग) तेरे मेरे सपने की शुरुआत की गई है। नागरिक अस्पताल स्थित इस केंद्र का राष्ट्रीय महिला आयोग की सदस्य ममता कुमारी ने शुभारंभ किया। इस दौरान हरियाणा राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष रेणु भाटिया भी मौजूद रहीं। सदस्य ममता कुमारी ने कहा कि आज की आधुनिकता भरी जीवनशैली में जब हमारी वैवाहिक जीवन की समृद्ध व सुदृढ़ परंपरा किसी न किसी रूप में प्रभावित हो रही है, ऐसे में राष्ट्रीय महिला आयोग का सार्थक प्रयास है, जिसमें समाज की भी महती भूमिका रहेगी। उन्होंने बताया कि आयोग ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर देश के 9 राज्यों में 21 स्थानों पर विवाह पूर्व परामर्श केंद्र की शुरुआत की है। आयोग प्रयासरत है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का जो लक्ष्य निर्धारित किया है, उसमें नारी शक्ति भी प्राथमिकता के साथ अपनी सहभागिता सुनिश्चित करेगी। इस अवसर पर नागरिक अस्पताल की पीएमओ डॉ. जयमाला, सीडीपीओ अनुपमा, परामर्श केंद्र की इंचार्ज ज्योति सहित नागरिक अस्पताल का महिला स्टाफ व अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।
युवाओं को परामर्श देंगे विशेषज्ञ
कार्यक्रम में हरियाणा राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष रेणु भाटिया ने कहा कि आज जब समाज में शादी के बाद नव दंपती में बेहतर समन्वय नहीं हो पाता है, जिसका सीधा प्रभाव बच्चों पर पड़ता है। इन परिस्थितियों से निपटने में ये परामर्श केंद्र महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने कहा कि इन केंद्रों में विशेषज्ञों द्वारा परामर्श दिया जाएगा, जिसमें शादी के रिश्ते को समझने, परिवार की भूमिका, भावनात्मक जुड़ाव और वैवाहिक जीवन में आने वाली चुनौतियों से निपटने के तरीके सिखाए जाएंगे।