दिल्ली-रेवाड़ी-जयपुर रेलवे ट्रैक पर 100 से 130 किमी. प्रति घंटा से दौड़ेगी ट्रेन
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। रेलवे विभाग द्वारा दिल्ली-रेवाड़ी-जयपुर ट्रैक की तकनीकी व इंफ्रा में सुधार करके अपग्रेड किया जा रहा है। इस ट्रैक पर ट्रेनों की रफ्तार 100 से 130 किमी. प्रति घंटा तक बढ़ाने की योजना है, जिसमे ट्रेनों को गंतव्य तक पहुंचने में कम समय लग सके। ट्रैक अपग्रेड करने का 80 फीसदी कार्य पूरा किया जा चुका है। यह ट्रैक रेलवे के व्यस्ततम रूटों में से एक है। इस रूट पर दिल्ली, गुरुग्राम, जयपुर होते हुए अजमेर तक वंदे भारत ट्रेन का संचालन किया जा रहा है।
दिल्ली-रेवाड़ी-जयपुर का रेलवे ट्रैक पूरी तरह से इलेक्ट्रिक हो चुका है। इस रूट पर अधिकतर ट्रेनें बिजली के इंजनों से संचालित की जा रही हैं। बिजली इंजन वाली एक्सप्रेस ट्रेनों की रफ्तार 80 से 90 किमी. प्रति घंटा है और पैसेंजर ट्रेनों की रफ्तार लगभग 70 किमी. प्रति घंटा है। रेलवे विभाग ट्रेनों की रफ्तार बढ़ाने के लिए ट्रैक को अपग्रेड करा रहा है। ट्रैक को रफ्तार के अनुरूप तैयार किया जा रहा है ताकि जब ट्रैक पर रफ्तार से ट्रेन दौड़े तो किसी प्रकार की समस्या ना हो।
वंदे भारत ट्रेन को 130 किमी. प्रति घंटा रफ्तार चलाने की है, लेकिन इस ट्रैक पर 100 किमी. प्रति घंटा ही चलाई जा रही है। इससे ट्रेन में दिल्ली से अजमेर तक पहुंचने में अधिक समय लग रहा है। रफ्तार बढ़ने से ट्रेन के आवागमन में कम समय लगेगा। जयपुर मंडल रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी कैप्टन शशि किरण ने बताया कि दिल्ली-रेवाड़ी-जयपुर रूट पर ट्रेनों की रफ्तार बढ़ाने के लिए ट्रैक को अपग्रेड करने का कार्य किया जा है। इस साल के अंत तक ट्रैक को अपग्रेड करने की योजना है।