बिजली निगम ने लगाया था 1.40 लाख का जुर्माना
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। बिजली चोरी और जुर्माने से जुड़े छह साल पुराने मामले में सिविल कोर्ट ने क्षेत्राधिकार नहीं होने के कारण वादी का वाद खारिज कर दिया है। सिविल जज (जूनियर डिवीजन) डॉ. मोहम्मद इम्तियाज खान की अदालत ने स्पष्ट किया कि विद्युत अधिनियम, 2003 के तहत बिजली चोरी और असेसमेंट से जुड़े मामलों की सुनवाई सिविल कोर्ट के अधिकार क्षेत्र में नहीं आती।
सिकंदरपुर बढ़ा गांव निवासी दीपक कुमार ने अदालत में दायर की याचिका में बताया कि 4 मार्च 2020 को दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम (डीएचबीवीएनएल) के खिलाफ वाद दायर किया था। उनके अनुसार 13 फरवरी 2020 को निगम कर्मचारियों ने उनकी अनुपस्थिति में घर का मीटर बदल दिया। इसके बाद 26 फरवरी को करीब 1.40 लाख रुपये के दो मेमो जारी किए गए। वादी ने इन्हें अवैध बताते हुए रद करने की मांग की थी।
बिजली निगम की तरफ से अदालत में दलील दी गई कि जांच के दौरान मीटर से छेड़छाड़ और सीटी वायर में रेजिस्टेंस लगाकर बिजली चोरी करने का मामला सामने आया था।
अदालत ने विद्युत अधिनियम की धारा 145 और पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के एक फैसले का हवाला देते हुए वाद खारिज कर दिया। साथ ही वादी को विशेष अदालत में जाने की छूट दी।