सोहना। सोहना पर्यटन विभाग कब्जा मुक्त कराई गई भूमि की चहारदीवारी कराएगा जिसके लिए टेंडर प्रक्रिया आरंभ हो गई है। एजेंसियों ने अपने आवेदन दाखिल कर दिए हैं जिनके दस्तावेजों की जांच जारी है। उक्त चहारदीवारी पर करीब 70 लाख रुपये की राशि खर्च होगी। भूमि का कुल रकबा करीब साढ़े 9 एकड़ है।
विदित है कि गत दिनों सोहना पर्यटन विभाग ने वार्ड नंबर 13 स्थित पहाड़ काॅलोनी व पीर काॅलोनी में निर्मित अवैध आशियानों को ध्वस्त करके कब्जा हासिल किया था। उक्त भूमि पर काफी वर्षों से लोगों ने अवैध निर्माण करके कब्जा किया हुआ था। यहां करीब 250 मकान निर्मित थे। पर्यटन विभाग द्वारा कब्जामुक्त कराई गई भूमि की रखवाली गार्ड कर रहे हैं। विभाग ने 3 गार्डों की तैनाती की हुई है। सोहना पर्यटन विभाग के प्रबंधक सुनील शर्मा बताते हैं कि कब्जामुक्त भूमि की चहारदीवारी कराई जाएगी जिसके लिए टेंडर प्रक्रिया आरंभ कर दी है। चहारदीवारी के निर्माण के लिए कई एजेंसियों ने आवेदन किया है। संवाद