2019 के बाद से जिला खेल विभाग में नहीं हो सकी नई खेल सामग्री की आपूर्ति
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। जिले के खिलाड़ियों को जल्द ही आधुनिक खेल सुविधाओं की सौगात मिलने की उम्मीद जगी है। वर्षों से चली आ रही खेल उपकरणों की कमी को दूर करने के लिए जिला खेल विभाग ने बड़ा कदम उठाया है। विभाग ने जिले के सभी खेल प्रशिक्षकों से उनके-अपने खेल से जुड़ी आवश्यक खेल सामग्री की विस्तृत मांग सूची तलब की है, ताकि खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
जानकारी के अनुसार, वर्ष 2019 के बाद से जिला खेल विभाग में नई खेल सामग्री की आपूर्ति नहीं हो सकी, जिसके चलते कई खेलों में इस्तेमाल होने वाले उपकरण जर्जर हो चुके हैं। बॉक्सिंग, एथलेटिक्स, फुटबॉल, कुश्ती और जिमनास्टिक जैसे प्रमुख खेलों में उपकरणों की कमी और पुराने संसाधनों के कारण खिलाड़ियों को अभ्यास के दौरान कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
जिला खेल अधिकारी आरती कोहली ने बताया कि जिले के सभी खेल प्रशिक्षकों से उनके खेल से संबंधित आवश्यक सामग्री की सूची मांगी गई है। सभी मांगों का संकलन कर प्राथमिकता के अनुसार प्रस्ताव तैयार किया जाएगा और स्वीकृति मिलने के बाद शीघ्र ही खेल सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी।