पहली मेरिट सूची जारी होने के बाद विद्यार्थियों को जमा करानी है फीस
वेबसाइट के काम न करने के कारण शाम तक एक भी दाखिला नहीं हुआ
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। शहर के सभी महाविद्यालयों में स्नातक प्रथम वर्ष में दाखिले के लिए प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। बीते बृहस्पतिवार को उच्चतर शिक्षा विभाग (डीएचएई) की ओर से पहली मेरिट सूची जारी कर दी गई है। डीएचएई के सूची के अनुसार शुक्रवार से विद्यार्थियों को संबंधित कॉलेजों में दाखिला लेना था लेकिन तकनीकी कारणों से यह प्रक्रिया बाधित रही।
कॉलेज प्रशासन के अनुसार, शुक्रवार सुबह 11 बजे से फीस जमा करने की प्रक्रिया शुरू होनी थी लेकिन शाम तक भी फीस जमा करने का पोर्टल नहीं खुल पाया। वेबसाइट के काम न करने के कारण शाम तक एक भी दाखिला नहीं हो पाया। कॉलेजों ने प्रशासन से उच्चतर शिक्षा विभाग से तकनीकी खामी को जल्द दूर करने की मांग की है ताकि दाखिला प्रक्रिया में और देरी न हो और विद्यार्थियों का शैक्षणिक सत्र प्रभावित न हो। एक कॉलेज की एडमिशन नोडल अधिकारी ने बताया कि शाम तक फीस की साइट न खामियां आने की वजह से एक भी दाखिला नहीं हो पाया।