कमरों की कमी और अव्यवस्था से छात्राओं की पढ़ाई हो रही प्रभावित, 2.5 करोड़ का बजट जारी
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। भोंडसी स्थित राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के नए भवन पर अभी तक काम शुरू नहीं हो सका है। स्कूल की इमारत को करीब एक साल पहले जर्जर घोषित कर तोड़ा गया था लेकिन नई इमारत का निर्माण शुरू नहीं हो पाया है।
विद्यालय में लगभग 750 छात्राएं अध्ययनरत हैं। भवन का निर्माण न होने के कारण छात्राओं को राजकीय बाल वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय की बिल्डिंग में बैठाकर पढ़ाया जा रहा है। इससे छात्राओं और शिक्षकों दोनों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्कूल प्रांगण से मलबा हटाने के बाद अब वहां जंगली घास उग गई है। स्थानीय लोगों और अध्यापकों का कहना है कि एक साल बीत जाने के बाद भी नई इमारत के निर्माण की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। विद्यालय दो पालियों में संचालित हो रहा है सुबह की पाली में छात्राएं और दोपहर में छात्र पढ़ाई करते हैं।
विद्यालय की नई बिल्डिंग के निर्माण के लिए करीब 2.5 करोड़ रुपये का बजट तीन महीने पहले जारी किया जा चुका है, जल्द ही काम शुरू किया जाएगा। - सत्यनारायण यादव, सहायक परियोजना संयोजक, समग्र शिक्षा विभाग।