संवाद न्यूज एजेंसी
तावड़ू। ग्राम पंचायत सूबासेड़ी में अनुसूचित जाति की चौपाल पर कुछ दबंगों ने सरकारी रास्ते पर दीवार खड़ी कर कब्जा कर लिया। इस घटना से गांव के ग्रामीणों में भारी रोष व्याप्त है।
ग्राम पंचायत सूबासेड़ी के सरपंच कुलदीप ने बताया कि उन्होंने इस संबंध में सदर थाना तावड़ू प्रभारी को लिखित शिकायत दी थी। शिकायत के बावजूद निर्माण कार्य नहीं रुका और आरोपियों ने चौपाल के रास्ते पर दोबारा निर्माण कर रास्ता बंद कर दिया। सरपंच कुलदीप ने पुलिस को दी शिकायत में कहा कि उन्हें सूचना मिली कि गांव की अनुसूचित जाति चौपाल के रास्ते पर कुछ लोग दीवार बना रहे हैं। जब वे मौके पर पहुंचे तो देखा कि शौकीन पुत्र इमामुद्दीन, दिलशाद पुत्र इमामुद्दीन, रमजान पुत्र इमामुद्दीन, शौकीन के बेटे और परिवार की महिलाएं भी वहां मौजूद थी और दीवार बनाकर कब्जा करने की कोशिश कर रहे थे। कुलदीप के अनुसार जब उन्होंने निर्माण रुकवाने की कोशिश की तो पूरा परिवार उन पर टूट पड़ा। उन्होंने किसी तरह अपनी जान बचाई और पुलिस को सूचना दी। पुलिस के मौके पर पहुंचने के बाद भी आरोपियों ने जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए धमकियां दीं। कुछ लोग फावड़ा लेकर भी उनकी ओर बढ़े, जिससे मौके पर तनावपूर्ण माहौल बन गया। हालांकि पुलिस ने तत्काल निर्माण कार्य रुकवाया, लेकिन अगले ही दिन आरोपियों ने फिर से दीवार खड़ी कर चौपाल का रास्ता पूरी तरह बंद कर दिया। इस घटना को लेकर सरपंच कुलदीप ने सदर थाना प्रभारी शीशराम से अवैध निर्माण हटाने की मांग की है ताकि ग्रामीणों को चौपाल में आने-जाने में परेशानी न हो। ग्रामीणों ने प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की मांग की है, अन्यथा आंदोलन की चेतावनी दी है।