फर्रुखनगर/सोहना। फर्रुखनगर में आईपीएस अधिकारी वाई पूरन कुमार की आत्महत्या मामले में न्याय को लेकर नगर पालिका सफाई कर्मचारियों ने नपा कार्यालय तक विरोध रैली निकाली। इस दौरान आरोपियों की तुरंत गिरफ्तारी की मांग की। नगर पालिका कर्मचारी संघ के प्रधान सतीश और सुरेंद्र वाल्मीकि ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए, अन्यथा वे प्रदेश स्तर पर बड़े आंदोलन को मजबूर होंगे। उन्होंने सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश पर जूता फेंकने वाले आरोपी को भी सख्त सजा देने की मांग की। अनुसूचित वर्ग की सुरक्षा की मांग की गई।
उधर, सोहना में अनुसूचित जाति समाज ने वाई पूरन कुमार की आत्महत्या, सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश पर जूता फेंकने की घटना और रायबरेली में विक्रम वाल्मीकि की निर्मम हत्या को लेकर गहरा रोष जताया। बड़ी संख्या में बुजुर्गों और युवाओं ने आंबेडकर भवन से एसडीएम कार्यालय तक जुलूस निकाला और राष्ट्रपति के नाम एक लिखित ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में इन घटनाओं को संकीर्ण जातिवाद की समस्या बताया गया। रोष जुलूस के दौरान भारी पुलिस बल तैनात रहा। संवाद