लोकनिर्माण विभाग ने प्रस्ताव मंजूरी के लिए चंडीगढ़ भेजा, 6.5 करोड़ रुपये किए जाएंगे खर्च
नंबर गेम - 8 किलोमीटर लंबी है सड़क
संवाद न्यूज एजेंसी
सोहना। सोहना लोकनिर्माण विभाग जल्द ही गांव वाजिदपुर से गांव सिलानी तक की जर्जर सड़क का निर्माण कराएगा। उक्त सड़क की लंबाई करीब 8 किलोमीटर है। सड़क निर्माण पर करीब साढ़े 6 करोड़ रुपये की राशि खर्च की जाएगी। वहीं विभाग ने उक्त प्रस्ताव का एस्टीमेट तैयार करके मंजूरी के लिए चंडीगढ़ भेज दिया है, जिसकी मंजूरी मिलने पर निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
सड़क निर्माण होने से गांव वाजिदपुर के अलावा गांव दौला, गांव खरोदा, गांव करणकी खेड़ली व सिलानी ग्रामवासियों को फायदा मिल सकेगा। समाजसेवी बिरजू अधाना बताते हैं कि यह सड़क काफी समय से जर्जर हालत में है, जिसको बनवाने के लिए ग्रामवासियों द्वारा काफी प्रयास किए गए थे। जिसके निर्माण होने से काफी लाभ होगा।
लोकनिर्माण विभाग के एसडीओ ने बताया कि उक्त सड़क निर्माण योजना का प्रस्ताव तैयार करके मंजूरी के लिए चंडीगढ़ प्रेषित कर दिया गया है। जिसकी मंजूरी मिलने पर टेंडर प्रक्रिया आरंभ कर दी जाएगी।