बसई रोड कृष्णा नगर गली नंबर-1 के सामने धंसी, बैरिकेडिंग कराई
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। बसई रोड कृष्णा नगर गली नंबर-1 के सामने फिर धंस गई है, जिससे दिनभर वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। इसकी सूचना मिलते ही पुलिस और नगर निगम गुरुग्राम की टीम मौके पर पहुंची और सुरक्षा के मद्देनजर बैरिकेडिंग कराई गई। सीवर लाइन लीकेज के कारण यह सड़क बार-बार धंस रही है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि सुबह बसई रोड पर कृष्णा नगर गली नंबर-1 के सामने सड़क धंस गई। सड़क पर बैरिकेड लगा दिए गए। लोगों का कहना है कि गड्ढा अभी छोटा है, लेकिन यह बढ़ सकता है। नगर निगम के अनुसार पुराने शहर के अर्जुन नगर, लक्ष्मी गार्डन, चार मरला, शिवाजी नगर, राम नगर समेत अन्य क्षेत्रों की मुख्य सीवर लाइन बसई से होते हुए धनवापुर सीवर शोधन संयंत्र तक जाती है। नगर निगम के अनुसार सीवर लाइन में लीकेज के कारण सड़क धंसी है।
बसई रोड इससे पहले भी तीन बार सीवर लाइन के कारण धंस चुकी है। पहले मनोहर नगर स्थित डाकघर के सामने सड़क धंसी थी। इसके बाद हीरो एजेंसी के पास पिछले साल सड़क धंस गई थी। वहीं, शिवमूर्ति चौक के पास भी सड़क धंस चुकी है। अब चौथी बार हीरो एजेंसी से करीब 200 मीटर दूर सड़क धंसी है। नगर निगम के मुख्य अभियंता विजय ढाका ने बताया कि सीवर लाइन को जल्द ठीक कराया जाएगा। इसके लिए कदम उठाए जा रहे हैं।
गुरुग्राम-सोहना हाईवे पर सीवर लाइन की मरम्मत जारी
गुरुग्राम-सोहना हाईवे पर एसडी आदर्शन स्कूल के पास धंसी पुरानी मास्टर सीवर लाइन को ठीक करने के लिए मरम्मत कार्य किया जा रहा है। हालांकि, इसमें अभी करीब एक सप्ताह का समय लग सकता है। एनएचएआई फिलहाल क्षतिग्रस्त लाइन की अस्थायी मरम्मत करा रहा है। इसके तहत टूटी हुई जगह पर नई पाइप डाली जाएगी, जिसके बाद सड़क को दुरुस्त किया जाएगा।