मरीजों को दवाइयां और गर्मी से बचाव संबंधी दी जा रही है सलाह
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। भीषण गर्मी के कारण लोगों का जीवन अस्त-व्यस्त हो रहा है। लगातार बढ़ते तापमान के कारण डायरिया फैल रहा है, जिससे डिहाइड्रेशन (शरीर में पानी की कमी) का खतरा बढ़ गया है। दौलताबाद के ग्रामीण इलाकों के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर पेट दर्द, उल्टी-दस्त और चक्कर आने की शिकायत वाले मरीजों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। चिकित्सक सभी को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दे रहे हैं।
इस केंद्र के चिकित्सा अधिकारी प्रभारी, डॉ. राजेश यादव ने बताया कि रोजाना करीब चार-पांच डायरिया के मरीज पहुंच रहे हैं। जिससे डिहाइड्रेशन का खतरा बढ़ रहा है। केंद्र के अधिकारियों के अनुसार तेज धूप और शरीर में पानी की कमी के कारण लोगों को चक्कर आना, कमजोरी, सिरदर्द, उल्टी और थकान जैसी समस्याएं हो रही हैं। ऐसे मरीजों को पीएचसी में ओआरएस घोल, आवश्यक दवाइयां और चिकित्सकीय परामर्श दिया जा रहा है।
वहीं, स्वास्थ्य केंद्र की ओर से लोगों को गर्मी से बचाव बारे में आवश्यक सलाह दी जा रही है। डॉक्टरों के बताया कि गर्मी में पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं, ओआरएस और तरल पदार्थों का सेवन करें। दोपहर के समय आवश्यक न होने पर से घर से बाहर निकलने से बचें। बाहर निकलते समय छाता या सिर को कपड़े या टोपी से ढकें और हल्के रंग के सूती कपड़े पहनें।