संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। मिलेनियम सिटी में कूड़ा प्रबंधन की स्थिति सुधरने के बजाय बिगड़ती जा रही है। राजीव चौक स्थित सबवे में सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई , जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे हुए थे। हालत इतनी खराब हो गई कि सफाई करने के बजाय कूड़े में आग लगाकर निपटान किया जा रहा था, जिससे प्रदूषण और बढ़ रहा था। बीते रविवार रात भी सबवे में यही घटना सामने आई, जब कूड़े को हटाने के बजाय उसमें आग लगा दी गई। इस मुद्दे को बुधवार को प्रमुखता से अखबार में उठाया गया जिसके बाद नगर निगम गुरुग्राम (एमसीजी) हरकत में आया और सबवे की सफाई कराई गई।
दुकानदारों का आरोप है कि नियमित सफाई नहीं की जाती और कूड़ा जलाना आम बात हो गई है। सबवे से उठने वाला धुआं राहगीरों और वाहन चालकों के लिए परेशानी का कारण बनता है। पहले से ही खराब वायु गुणवत्ता के बीच इस तरह की लापरवाही पर्यावरण को ओर बर्बाद कर रही है।
सबवे की सफाई करा दी गई है। भविष्य में इस तरह की लापरवाही दोबारा न हो, इसके लिए संबंधित टीम को सख्त निर्देश जारी किए गए हैं और नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के आदेश भी दिए गए हैं। -रविंद्र यादव, अतिरिक्त आयुक्त, नगर निगम