डिजिटल सुविधा के बाद भी काउंटरों पर चल रही सिर्फ नकदी की मनमानी
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। सेक्टर-10 स्थित नागरिक अस्पताल में मरीजों की सुविधा के लिए शुरू की गई ऑनलाइन भुगतान व्यवस्था पूरी तरह लागू न होने से लोगों को भारी परेशानी हो रही है। अस्पताल के पांच पंजीकरण काउंटरों पर केवल एक ही क्यूआर कोड लगाया गया है, जिसके कारण सभी काउंटरों पर डिजिटल भुगतान संभव नहीं हो पा रहा है।
इलाज के लिए आने वाले मरीजों को उम्मीद थी कि ऑनलाइन व्यवस्था से उन्हें नकदी और खुले पैसे रखने की झंझट से मुक्ति मिलेगी, लेकिन समस्या अब भी जस की तस बनी हुई है। जब मरीज क्यूआर कोड के माध्यम से भुगतान करना चाहते हैं, तो कई बार उन्हें मना कर दिया जाता है और नकद राशि जमा करने के लिए कहा जाता है।
विशेष रूप से पहली बार अस्पताल आने वाले मरीजों को पंजीकरण शुल्क देने के लिए खुले पैसों की व्यवस्था करने में काफी दिक्कत आती है। मरीजों की मांग है कि यदि अस्पताल प्रशासन ने डिजिटल भुगतान की पहल की है, तो सभी पांचों काउंटरों पर अलग-अलग क्यूआर कोड लगाए जाएं, ताकि भुगतान प्रक्रिया सुगम हो सके
-
कई बार खुले पैसे नहीं होने के कारण काउंटर पर अतिरिक्त पैसे जमा कराने पड़ते हैं। कर्मचारी बाद में पैसे लेने के लिए कहते हैं, लेकिन बाद में भी खुले पैसे नहीं मिल पाते। ऐसे में वह पैसा अस्पताल में ही रह जाता है। - सोनी, परिजन
पहली बार इलाज के लिए अस्पताल आया था। मेरे पास खुले पैसे नहीं थे, इसलिए पांच रुपये लेने के लिए किसी दूसरे व्यक्ति से ऑनलाइन भुगतान करवाना पड़ा। काउंटर पर क्यूआर कोड लगा होने के बावजूद भुगतान करने से मना कर दिया गया। - चिराग, मरीज
अस्पताल में लाइन में लगें मरीज । संवाद
अस्पताल में लाइन में लगें मरीज । संवाद