32 किमी मार्ग पर 22 करोड़ रुपये की लागत से केवल मरम्मत का कार्य किया जाएगा
संवाद न्यूज एजेंसी
नूंह। नूंह-पलवल राज्य मार्ग के चौड़ीकरण की उम्मीद लगाए बैठे लोगों का इंतजार अभी और बढ़ गया है। करीब सात वर्ष पहले इसे चौड़ा करने की योजना पर फिलहाल पलवल से नूंह तक करीब 32 किमी मार्ग का मरम्मत का कार्य होगा। इस पर एचएसआरडीसी (हरियाणा स्टेट रोड एंड ब्रिज कारपोरेशन) 22 करोड़ रुपये खर्च करेगी।
इसका मुख्य कारण सड़क एवं लोक निर्माण विभाग द्वारा वन विभाग को जगह न दे पाना है। दो जिला मुख्यालयों को आपस में जोड़ने वाली इस योजना के लिए इंतजार और करना पड़ेगा। इससे लोगों में नाराजगी है। लोगों का कहना है कि मार्ग के चौड़ीकरण न होने से यहां पर सड़क दुर्घटनाओं में इजाफा होगा। क्योंकि यहां लगातार ट्रैफिक का दबाव बढ़ रहा है। विभाग की तरफ से मार्ग के मरम्मत के लिए टेंडर प्रक्रिया भी जारी कर दी गई है। नूंह से पलवल की दूरी 32 किलोमीटर है। यह स्टेट हाइवे है और मार्ग को चौड़ा करने की योजना जुलाई 2017 तैयार की गई थी। मार्ग की चौड़ाई फिलहाल साढ़े पांच मीटर है। चौड़ीकरण योजना के तहत इसे फोर लेन बनाना है। जिसकी मई 2022 को डीपीआर तैयार की गई है, जिसे सात जुलाई 2022 को सरकार की तरफ से स्वीकृति प्रदान की गई। इसी के साथ सरकार ने दोनों जिला मुख्यालयों को जोड़ने के लिए एनसीआरबी बोर्ड की तरफ से 137 करोड़ 57 लाख रुपये मंजूर किए हैं। यहां तक कि फरवरी 2024 में एनसीआरबी की तरफ से एचएसआरडीसी के लिए 51.50 करोड़ रुपये भी जारी कर दिए गए ताकि मार्ग को चौड़ा किया जा सके। यह मार्ग महत्वपूर्ण है। मार्ग को चौड़ा करने के लिए वन विभाग को करीब 65 एकड़ जगह उपलब्ध कराई जानी थी लेकिन एचएसआरडीसी की तरफ से डेढ़ वर्ष के दौरान जगह की कोई व्यवस्था नहीं की गई। जिस कारण मार्ग के चौड़ीकरण का मामला सिरे नहीं चढ़ पाया। हालांकि इसके लिए नूंह व पलवल जिला प्रशासन कोशिश में जुटा हुआ है।
जेवर हवाई अड्डे को भी जोड़ने वाला अहम मार्ग
मार्ग दो जिले पलवल-नूंह को जोड़ने के साथ-साथ उत्तर प्रदेश के जेवर हवाई अड्डा को भी जोड़ने वाला अहम मार्ग है। जेवर के लिए आवाजाही के रूप में इस्तेमाल होगा। इसके अलावा केएमपी व डीएमई पर आने-जाने के लिए दोनों जिलों के वाहन मार्ग का इस्तेमाल करते हैं। मार्ग संकरा होने के कारण हादसे का डर रहता है। हेमराज नंबरदार दुबालू, भगत सिंह तंवर छपेड़ा, सतीश एडवोकेट, आसिफ अली व खलील अहमद का कहना है कि मार्ग को चौड़ा करने के लिए लंबे समय से मांग चली आ रही थी। राशि भी सरकार ने स्वीकृत कर दी लेकिन संबंधित विभाग के अधिकारियों ने मार्ग के चौड़ीकरण के लिए रुचि नहीं दिखाई। जिस कारण यह योजना सिरे नहीं चढ़ी। प्रशासन व ग्राम पंचायत इस पर ध्यान दें।
वर्जन
लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। अभी पलवल-नूंह मार्ग की मरम्मत प्रक्रिया शुरू कर दी है। जिसकी मजबूत मरम्मत होगी। चौड़ीकरण करने के मामले की प्रक्रिया जारी रहेगी लेकिन इसमें अभी समय लग रहा है। जमीन मिलने के साथ ही इस पर काम शुरू कराया जाएगा। -अखिल पिलानी, डीसी, नूंह
फोटो- ऐसे हालात में नूंह-पलवल रोड।