एजेंसी ने टेंडर समाप्त होने से तीन महीने पहले ही बिना किसी ठोस कारण या नोटिस के काम करना बंद किया
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। गुरुग्राम में लावारिस कुत्तों के टीकाकरण और बधियाकरण कार्यक्रम को एक बड़ा झटका लगा है। नगर निगम (एमसीजी) द्वारा कुत्तों के टीकाकरण के लिए जिस एजेंसी को ठेका दिया गया था उसने टेंडर समाप्त होने से तीन महीने पहले ही बिना किसी ठोस कारण या नोटिस के काम करना बंद कर दिया है। यह तब हुआ जब निगम ने एजेंसी पर कार्य में लापरवाही को लेकर सख्ती बरतना शुरू किया। नगर निगम ने नए सिरे से टेंंडर आवंटित किया है।
बता दें कि निगम ने इस एजेंसी को दो साल के लिए लावारिस कुत्तों के टीकाकरण का टेंडर दिया था, जिसकी अवधि दिसंबर माह तक थी। निगम अधिकारियों का कहना है कि एजेंसी ने अचानक काम बंद कर दिया है। इस कारण लावारिस कुत्तों के टीकाकरण का कार्य पूरी तरह से ठप हो गया है। बताया जा रहा है कि यह एजेंसी पिछले पांच साल से कुत्तों के टीकाकरण के नाम पर केवल खानापूर्ति कर रही थी। जैसे ही निगम अधिकारियों ने कार्य की गुणवत्ता और निर्धारित लक्ष्यों को पूरा करने के लिए सख्ती बरती, एजेंसी ने बिना किसी पूर्व सूचना के काम करना बंद कर दिया। निगम द्वारा लगातार नोटिस जारी किए जाने के बाद भी एजेंसी न तो काम पर लौट रही है और न ही निगम अधिकारियों से संपर्क कर रही है।
नगर निगम की ओर से कुत्तों के बधियाकरण व टीकाकरण को लेकर टेंडर निकाला गया है। चयनित होने वाली एजेंसी को जल्द ही काम आवंटित करने की प्रक्रिया को पूरा किया जाएगा।
- डाॅ. प्रीतपाल, संयुक्त आयुक्त, नगर निगम, गुरुग्राम