वारदात के दौरान कार में बताए जा रहे चार युवक
- आरोपियों की पहचान कर चुकी पुलिस, गिरफ्तारी के लिए दी जा रही दबिश
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। बॉलीवुड गायक राहुल फाजिलपुरिया पर फायरिंग मामले में कार किराये पर लेने वाले सहित अन्य आरोपी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं। मामले में एक आरोपी विशाल को पांच दिन के रिमांड के बाद जेल भेजा जा चुका है। पुलिस ने पूछताछ के दौरान आरोपी विशाल से फायरिंग की वारदात में शामिल अन्य आरोपियों के बारे में जानकारी ली है। फायरिंग के दौरान टाटा पंच कार में चार युवक बताए जा रहे हैं।
पुलिस जांच में सामने आया है कि 14 जुलाई की रात को सदर्न पेरिफेरल रोड (एसपीआर) पर गायक राहुल फाजिलपुरिया पर फायरिंग पूरी प्लानिंग के साथ की गई थी। इसमें सोनीपत से किराये पर गाड़ी लेने, गायक के बारे में रेकी करने सहित अन्य जानकारी जुटाने का प्लान पिछले काफी समय से चल रहा था। पूछताछ और जांच में यह भी सामने आया है कि फाजिलपुरिया पर फायरिंग करने वाले बदमाश अन्य जिलों से हैं। इनमें पुलिस सोनीपत के कुछ युवकों की पहचान कर चुकी है। उन्हें पकड़ने के लिए दबिश दी जा रही है। जल्द ही पुलिस उन आरोपियों को गिरफ्तार करके फायरिंग मामले का खुलासा करेगी।
बता दें कि गायक राहुल फाजिलपुरिया पर फायरिंग मामले में प्रयोग की गई पंच कार सोनीपत के दीपालपुर गांव निवासी गौतम ने 11 जुलाई को 2200 रुपये प्रतिदिन के हिसाब से किराये पर ली थी। वहीं, सोनीपत के जाजल गांव निवासी विशाल को गायक राहुल फाजिलपुरिया की रेकी करने पर गिरफ्तार किया गया। इस मामले में सोनीपत से अन्य युवक भी शामिल बताए जा रहे हैं। पुलिस के अनुसार फायरिंग करने वाले युवकों के गिरफ्तार होने के बाद ही पता चल सकेगा कि उन्होंने किसके इशारे पर गायक राहुल फाजिलपुरिया की थार गाड़ी को रूकवाकर फायरिंग की थी।