गुरुग्राम। साइबर सिटी में बदमाश बेखौफ हो गए हैं। उनको पुलिस का डर नहीं है। इस बार दिनदहाड़े राजीव चौक पर सवारी के रूप में एक निजी कंपनी के सेल्स मैनेजर को कार में बिठाकर छह किमी दूर लूटकर उतार देने का मामला सामने आया है। जब तक पीड़ित पुलिस के पास पहुंचता तब तक बदमाश दिल्ली की सीमा में घुस गए। सिविल लाइन थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ लूट व शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है।
मूल रूप से देवरिया (उत्तर प्रदेश) निवासी शशांक पांडे ने पुलिस को बताया कि वह सेक्टर-47 में किराए पर रहते हैं और एक निजी कंपनी में सेल्स मैनेजर हैं। शुक्रवार सुबह करीब साढ़े 11 बजे वह दिल्ली जाने के लिए राजीव चौक से कार में बैठे थे। कार में पहले से ही चालक समेत चार लोग मौजूद थे । कार चलते ही आरोपियों ने उन्हें काबू कर लिया। मारपीट कर उनसे डायमंड की अंगूठी, सोने की चेन छीन ली और उन्हें सुखराली फ्लाईओवर के पास नीचे उतार दिया। वारदात के बाद आरोपी दिल्ली की तरफ फरार हो गए। 20 दिन के भीतर इस चौक से सवारी के रूप में कार में बैठाकर तीन लोगों के साथ लूट की वारदात को अंजाम दिया गया।
थाना प्रभारी सिविल लाइन का कहना है कि पीड़ित ने गाड़ी का नंबर पुलिस को दिया है । नंबर के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है । एक्सप्रेस वे पर लगे सीसीटीवी कैमरों के जरिये भी आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।