गन पॉइंट पर युवक को बंधक बनाकर बदमाशों ने लूटी कार
विज्ञापन
- तीन दिन पहले ही इंग्लैंड से भारत आया था युवक
अमर उजाला ब्यूराे
गुुरुग्राम। सदर थाना क्षेत्र में दिल्ली-जयपुर हाईवे पर गन पॉइंट पर तीन बदमाशों द्वारा युवक को बंधक बनाकर कार लूटने का मामला सामने आया है। पीड़ित युवक तीन दिन पहले ही इंग्लैंड से भारत आया था। बदमाशों ने युवक को दो किलोमीटर तक बंधक बनाकर रखा और उसके बाद सेक्टर-38 में छोड़कर भाग गए। पीड़ित युवक की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज करके छानबीन शुुरु की है।
गुरुग्राम के सेक्टर-15 पार्ट-2 निवासी जंयत राठी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह इंग्लैंड में रहता है और तीन दिन पहले ही भारत लौटा था। बीते सोमवार की रात लगभग 11 बजे वह दिल्ली-जयपुर हाईवे पर राजीव चौक के पास अपनी एसयूवी कार 500 में बैठा था। इसी दौरान तीन युवक आए और कार का शीशा खुलवाकर उसे गन पॉइंट पर ले लिया। तीनों बदमाशों ने युवक को कार में पीछे बैठाकर बंधक बना लिया। दो बदमाश कार में पीछे बैठ गए, जबकि एक बदमाश ने कार को चलाना शुरू कर दिया।
विज्ञापन
कार को लेकर बदमाश सुभाष चौक की तरफ मोड़कर चलाना शुरु कर दिया। बदमाशों ने जंयत राठी के हाथ से सोने का कड़ा और गले में पहनी सोने की चेन को भी लूट लिया। लगभग दो किलोमीटर के बाद सेक्टर-38 में बदमाश कार से नीचे उतारा और कार व सोने का सामान लेकर भाग गए।
सदर थाना प्रभारी सुनील कुमार ने बताया कि पीड़ित युवक की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। थाना पुलिस के साथ-साथ अपराध शाखा की पुलिस टीमें जांच में जुटी हुई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की जा रही है। वहीं, आसपास के राज्यों की पुलिस को भी अलर्ट किया गया है ताकि बदमाशों को पकड़ा जा सके।