गुरुग्राम। लगातार हो रही बारिश से मिलेनियम सिटी गड्ढों में तब्दील होती जा रही है। शहर में हो रहे जलभराव से सड़कों की हालत खराब होती जा रही है। इससे जगह-जगह सड़कों पर गड्ढे हो गए हैं। वहीं, सड़कों पर स्ट्रीट लाइट नहीं हैं, जिससे रात में यह गड्ढे दिखाई नहीं देते हैं। इस कारण क्षेत्र में वाहन चालकों के साथ-साथ पैदल यात्रियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है। बसई रोड, सेक्टर-9 व 10 रोड, शीतला माता रोड, राजेंद्र पार्क, और सरस्वती एनक्लेव समेत कई इलाकों में अभी भी पानी भरा हुआ है। सेक्टर-नौ निवासी उदय सिंह ने बताया कि जलमग्न और कीचड़ से गाड़ियों की गति धीमी हो गई है। वहीं, सरस्वती एन्क्लेव निवासी गीता रप्पल का कहना कि सड़कों पर गड्ढे हो गए हैं और कई सड़कों पर स्ट्रीट लाइट भी नहीं हैं। लोगों का कहना है कि प्रशासन को इस मामले को लेकर शिकायत दी है। बावजूद इसके कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। लोगों ने प्रशासन से अनुरोध किया है कि जल्द से जल्द सड़कों की मरम्मत कराई जाए। संवाद