डिपो से रात नौ बजे और टनकपुर से सुबह 10 बजे चलेगी, 727 रुपये है प्रति सवारी किराया
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। यात्रियों की सुविधा के लिए गुरुग्राम से उत्तराखंड के टनकपुर तक एसी रोडवेज बस सेवा शुरू की गई है। अभी तक इस रूट पर एक सामान्य बस का ही संचालन किया जा रहा था। एसी बस रात को नौ बजे गुरुग्राम बस अड्डा से टनकपुर के लिए रवाना होगी और अगले दिन सुबह टनकपुर से 10 बजे गुरुग्राम के लिए चलेगी। डिपो प्रबंधन ने गुरुग्राम से टनकपुर तक एसी बस का किराया प्रति यात्री 769 रुपये तय किया है।
गुरुग्राम से टनकपुर के बीच में संचालित होने वाली एसी बस के लिए 21 स्टॉप तय किए हैं। यह बस गुरुग्राम से दिल्ली, गाजियाबाद, हापुड़, रामपुर, रूद्रपुर से होते हुए उत्तराखंड के टनकपुर पहुंचेगी। गुरुग्राम डिपो से टकनपुर की दूरी 396 किलोमीटर है। सामान्य बस में यात्रियों को गर्मी के दौरान परेशानी का सामना करना पड़ता है। ऐसे में डिपो प्रबंधन ने इस रूट पर ऐसी बस चलाने का निर्णय लिया ताकि लंबे रूट पर यात्रियों को सुविधाजनक सफर कराया जा सके।