तापमान 34 डिग्री पार, खराब श्रेणी में पहुंची शहर की हवा
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। मिलेनियम सिटी में सूरज ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। आए दिन चढ़ रहे पारे से हो रही परेशानी लोगों के चेहरों पर साफ दिखाई दे रही है। मंगलवार को अधिकतम तापमान 34.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 17.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह और रात के समय हाल ही में हुई बारिश के कारण हल्की ठंडक बनी हुई है, जिससे लोगों को कुछ राहत मिल रही है। हालांकि, दिन चढ़ने के साथ ही तेज धूप लोगों की परेशानी बढ़ा रही है। वहीं, मंगलवार को शहर का वायु गुणवत्ता सूचकांक 212 दर्ज किया गया।
दोपहर के समय बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। सड़कों पर आवाजाही कम होने लगी है और लोग जरूरी कामों के लिए ही घर से बाहर निकल रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दो दिनों में तापमान में और वृद्धि होने की संभावना है। अनुमान है कि अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच सकता है, जिससे गर्मी और अधिक परेशान कर सकती है। बारिश के बाद शहर की हवा में सुधार हुआ था लेकिन अब वायु गुणवत्ता फिर बिगड़ गई है। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार, मंगलवार को एक्यूआई 212 दर्ज हुआ, जो ऑरेंज श्रेणी में आता है और खराब स्तर पर पहुंच गया है।