बुजुर्गों और बच्चों के लिए तैयार की गई है तिल कूटकर खास नरम पट्टी
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। लोहड़ी के लिए अब कुछ ही दिन बचे हैं, जिसे लेकर बाजार में तैयारियां शुरू हो गई हैं। तिल, गुड़, मूंगफली और रेवड़ी की सोंधी खुशबू से बाजार गुलजार है। इस बार शुगर फ्री पट्टी और अलसी के लड्डू विशेष बने हुए हैं। दुकानों पर राजस्थान की स्पेशल मूंगफली से लेकर नरम गजक उपलब्ध है।
बुजुर्गों और बच्चों के लिए तिल कूटकर खास नरम पट्टी तैयार की गई है। इसके अलावा, मीठी तुलसी के अर्क से बनी प्राकृतिक शुगर फ्री पट्टी की भी खूब मांग है। सदर बाजार में कई ऐसी दुकानें हैं जो दशकों से अपनी गुणवत्ता के लिए जानी जाती हैं।
व्यापारी बोले- लोहड़ी के नजदीक आते ही मांग में हुआ इजाफा
यह काम हम पिछले 30 सालों से कर रहे हैं। लोहड़ी में अब कुछ ही दिन बचे हैं। इस कारण मूंगफली और रेवड़ी की मांग बढ़ी है। लोहड़ी के कारण लोग फूले भी खरीद रहे हैं। - हरिश, दुकानदार
इस बार राजस्थान के विशेष मूंगफली की मांग ज्यादा है। यह 180 रुपये प्रति किलो से 240 रुपये प्रति किलो के भाव में उपलब्ध है। वही, सामान्य मूंगफली 140 रुपये प्रति किलो में उपलब्ध है। - सोनू, व्यापारी
इस बार खजूर की पट्टी की काफी मांग है। बाजार में 320 रुपये प्रति किलो में उपलब्ध है। लोहड़ी पर लोग अब इसे भी खरीदते हैं। - पवन, दुकानदार
15 वर्ष से यह सब बेच रहा हूं। नरम गजक, कुटे हुए तिल की पट्टी 350 रुपये में उपलब्ध है। वहीं, इस बार खोया-तिल रेवड़ी 360 रुपये के भाव पर मिल रही है। - प्रदीप, दुकानदार