गुरुग्राम। बसई इंक्लेव में किराए पर रह रही निजी अस्पताल की महिला सफाईकर्मी ज्योति का शव रविवार को कमरे में पंखे से लटकता मिला है। कमरे के बाहर ताला लगा हुआ था। दो दिन तक परिजनों की जब फोन पर बात नहीं हुई तो वह बसई पहुंचे तो इस घटना का खुलासा हुआ। सूचना मिलते ही सेक्टर-10 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों ने हत्या करने का आरोप लगाया है।
ज्योति (25) सेक्टर-37डी स्थित निजी अस्पताल में सफाई कर्मी थी। शादी के बाद पति से विवाद होने के कारण वह बसई इंक्लेव में किराए पर रह रही थी। अस्पताल में उसकी दोस्ती महाराज नामक सहकर्मी से हुई थी। ज्योति की मां ने बताया कि दो दिन से फोन पर बात न हो पाने के कारण वह रविवार को ज्योति से मिलने उसके घर बसई इंक्लेव पहुंची। यहां कमरे पर ताला लगा हुआ था। इस पर वह अस्पताल गई तो पता लगा कि 15 दिन से ज्योति व महाराज काम पर नहीं आए हैं। इस पर वह वापस ज्योति के कमरे पर पहुंची और ताला तोड़कर सामान देखने के लिए अंदर गई तो पाया कि उसका शव पंखे से लटका हुआ है। उन्होंने पुलिस को सूचना देते हुए मकान मालिक को बुलवाया।
मां ने बताया कि ज्योति के मुंह से झाग निकल रहा था जबकि आंखों से ऐसा प्रतीत हो रहा था कि खून आया हो। कमरे के दरवाजे पर बाहर से ताला लगाया गया था। ऐसे में यह माना जा रहा है कि ज्योति की हत्या करने के बाद आरोपी बाहर से ताला लगाकर फरार हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।