66 फुट चौड़ी सड़क से अवैध निर्माण हटाने की कार्रवाई पांचवें दिन भी जारी रही
संवाद न्यूज एजेंसी
फर्रुखनगर। फाजिलपुर मोड़ से बस अड्डे तक 66 फुट चौड़ी सड़क से अवैध निर्माण हटाने की कार्रवाई पांचवें दिन भी जारी रही। डीटीपी की टीम ने न केवल आम जन के अवैध निर्माण गिराने का कार्य किया, बल्कि नपा के वाइस चेयरमैन, पूर्व मंत्री नारायण सिंह का आशियाना भी ढहाने का काम किया। बस अड्डे पर स्थित नगरपालिका चेयरमैन की मार्केट का कुछ हिस्सा भी डीटीपी टीम के रडार पर है।
जिला योजनाकार विभाग (डीटीपी) के नोडल अधिकारी आरएस बाट की टीम ने सड़क मार्ग को चौड़ा करने के लिए रास्ते में आ रहे अवैध निर्माणों को हटाने के लिए कार्रवाई करते हुए तोड़फोड़ अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान जेसीबी मशीनों व पॉकलैंड की मदद से कई स्थानों पर बने अस्थायी ढांचे, मकान और दुकानों के आगे निकले शेड हटाए गए। मौके पर पुलिस बल भी तैनात रहा। नोडल अधिकारी आर एस बाट के अनुसार यह कदम लंबे समय से लंबित 66 फुट चौड़ी सड़क निर्माण को आगे बढ़ाने के लिए आवश्यक था।
डीटीपी विभाग के नोडल अधिकारी आरएस बाट के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। बाट का कहना है कि सड़क चौड़ीकरण से क्षेत्र में ट्रैफिक जाम की समस्या से राहत मिलेगी। बस अड्डे तक आवागमन सुगम होगा। हालांकि कार्रवाई को लेकर कुछ स्थानीय दुकानदारों और ग्रामीणों में नाराजगी भी देखने को मिली। प्रभावित लोगों का कहना है कि उन्हें पर्याप्त समय और स्पष्ट सूचना नहीं दी गई, जिससे उनका आर्थिक नुकसान हुआ है। कुछ व्यापारियों ने प्रशासन से मुआवजे की मांग भी की है।