- ठेकेदार के साथ हुआ एग्रीमेंट, 20-25 दिन में काम होगा शुरू
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। दिल्ली-जयपुर हाईवे पर दिल्ली से खेड़कीदौला के बीच हाईवे को अपग्रेड करने का कार्य जल्द शुरू होने की उम्मीद है। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) का ठेकेदार से एग्रीमेंट हो गया है। उम्मीद है कि 20-25 दिन में कंपनी काम शुरू कर देगी।
हाईवे के इस हिस्से को करीब 20 साल बाद अपग्रेड किया जाएगा। इसके लिए एनएचएआई ने करीब 245 करोड़ रुपये का टेंडर छोड़ा था। एक अनुमान के मुताबिक दिल्ली-जयपुर हाईवे पर रोजाना तीन लाख के करीब वाहनों की आवाजाही होती है। इसी के मद्देनजर एनएचएआई ने हाईवे को अपग्रेड करने का निर्णय लिया है। हीरो होंडा चौक से खेड़कीदौला टोल के बीच जलभराव की समस्या से निजात के लिए कार्य किया जाएगा। दिल्ली-जयपुर हाईवे पर बनी सर्विस रोड की हालत भी काफी खराब है।
एनएचएआई का कहना है कि पहले रेलिंग को दुरुस्त करने का काम शुरू किया जाएगा। हाईवे का धौला कुआं से लेकर खेड़कीदौला टोल प्लाजा तक काम किया जाना है। हीरो होंडा चौक से खेड़कीदौला टोल प्लाजा की तरफ सर्विस लेन जर्जर है। नरसिंहपुर के आसपास दोनों तरफ नालों के ओवरफ्लो होने से सर्विस लेन पर पानी जमा हो जाता है। दोनों तरफ आरएमसी (रेडी-मिक्स कंक्रीट) की सड़क बनाई जाएगी।
बता दें कि एनएचएआई ने करीब तीन-चार माह पहले ही टेंडर संबंधी कार्यों को पूरा कर लिया था लेकिन ठेकेदार कार्य करने में देरी कर रहा था। एनएचएआई के एक अधिकारी ने बताया कि ठेकेदार का एग्रीमेंट हो गया है। उम्मीद है कि 20-25 दिन में हाईवे पर काम शुरू हो जाएगा। इसके तहत तारकोल की एक नई लेयर चढ़ाई जाएगी। इसके अलावा टूटी रेलिंग समेत अन्य कार्यों को कराया जाएगा।