- कमरे से नहीं मिला सुसाइड नोट,
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। सिकंदरपुर घोसी गांव में एक युवती ने बुधवार रात फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। युवती मानसिक रूप से परेशान थी। हालांकि पुलिस को उसके कमरे से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। पुलिस ने बृहस्पतिवार को शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है।
मृत युवती की पहचान काजल कुमारी (23) के रूप में हुई है। वह परिवार के साथ सिकंदरपुर घोसी गांव में रहती थी। बुधवार शाम को वह अपनी दादी के साथ घर पर ही थी। रात करीब 10 बजे जब उसके माता-पिता नौकरी से वापस घर लौटे तो काजल को कमरे में पंखे से लगे फंदे पर लटका पाया। परिवार वालों ने पुलिस को बताया कि काजल ने बी.कॉम किया था और नौकरी की तलाश कर रही थी। वह पिछले कई दिनों से मानसिक रूप से परेशान चल रही थी।
जांच अधिकारी एएसआई रमेश ने बताया कि मृतका के परिवार वालों के बयान दर्ज कर लिए गए हैं। मामले में गहनता से छानबीन की जा रही है। कोई संदिग्ध बात सामने आती है तो उसी आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।