पुलिस ने राजस्थान से दबोचा, बरामद तीन मोबाइल जांच के लिए भेजे गए
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। वीडियो कॉल की रिकार्डिंग को एडिट करके अश्लील वीडियो बना ब्लैकमेल कर ठगी करने के आरोपी को साइबर पुलिस ने अलवर ( राजस्थान ) से गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान अलताप (21) निवासी गांव ठेकड़ा, अलवर (राजस्थान) के रूप में हुई। आरोपी ने अश्लील वीडियो कॉल के माध्यम से धोखाधड़ी करना अपने भाई से सीखा था। आरोपी ओएलएक्स, फेसबुक, व्हाट्सएप पर अश्लील वीडियो कॉल करके धोखाधड़ी की वारदातों को अंजाम देता था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से तीन मोबाइल बरामद करके जांच के लिए भेजे हैं।
साइबर थाना पश्चिम पुलिस को शिकायत करके पीड़ित व्यक्ति ने बताया कि बीती 28 मार्च को उसकी फेसबुक आईडी पर एक वीडियो कॉल आई थी। कुछ देर बाद वीडियो को एडिट करके अश्लील बनाकर वायरल करने की धमकी देकर 40 हजार रुपये बैंक खाते में ट्रांसफर करा लिए गए। पीड़ित की शिकायत पर साइबर पुलिस केस दर्ज करके जांच में जुटी थी। एसीपी साइबर अपराध प्रियांशु दीवान ने बताया कि उक्त मामले में अलवर से एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी ने पूछताछ में बताया कि उसने ठगी की रकम अपने भाई के बैंक खाते में ट्रांसफर कराई। पुलिस कोर्ट से आरोपी को दो दिन की रिमांड पर लेकर पूछताछ कर रही है।
इनसेट
दो साल से वारदातों को दे रहा था अंजाम
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अपने भाई के साथ मिलकर 2 वर्षों से धोखाधड़ी की वारदात को अंजाम दे रहा था। पुलिस ने वारदात में प्रयोग किए गए तीन मोबाइल बरामद किए हैं। उन्हें जांच के लिए इंडियन साइबर क्राइम कॉर्डिनेशन सेंटर भेजा गया है। जांच रिपोर्ट के बाद अन्य साइबर ठगी की वारदातों का खुलासा भी होगा।