आपात स्थिति में 50 हजार परिवारों को हो सकती है परेशानी, सरकारी अग्निशमन केंद्र बनाने की मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। द्वारका एक्सप्रेसवे की सोसाइटियों के निवासियों की ओर से सेक्टर 108 स्थित शोभा इंटरनेशनल सिटी के प्रतिनिधि प्रवीण कौशल ने उपायुक्त और अग्नि शमन विभाग को लिखे पत्र में कहा है कि द्वारका एक्सप्रेसवे पर 50 हजार से ज्यादा परिवार बसे हैं। इस इलाके की सोसाइटियों के लिए एक आधुनिक अग्निशमन सेवाओं से संपन्न सरकारी अग्निशमन केंद्र बनाया जाए।
द्वारका एक्सप्रेसवे की सोसाइटियों के लिए जो का फायर स्टेशन सेक्टर 29 में है, वह यहां से करीब 20 किमी दूर है। गुरुग्राम में 70 प्रतिशत आबादी के लिए एक फायर स्टेशन काम करता है हालांकि शहर में पांच सरकारी फायर स्टेशन मौजूद हैं। द्वारका एक्सप्रेसवे की सोसाइटियों की तरफ कोई फायर स्टेशन नहीं है। किसी भी आपदा की स्थिति में काफी मुश्किल आ सकती है। साथ ही बच्चों और युवाओं को इस महीने में आने वाले अग्नि शमन सप्ताह में प्रशिक्षित किए जाने की जरूरत है। 14 अप्रैल से 20 अप्रैल तक राष्ट्रीय अग्नि सुरक्षा सप्ताह मनाया जाता है।
प्रवीण ने बताया कि अकेले सेक्टर 108- 109 में शोभा इंटरनेशनल सिटी, शोभा सिटी, चिंटेल्स सेरेनिटी, ब्रिस्क लुंबिनी, एटीएस ककून, रहेजा अर्थवा, चिंटेल्स पैराडाइसो, विंडचैंटस जैसी हाई राइज प्लॉटेड सोसाइटियां हैं। इसके अलावा सेक्टर 95 से लेकर पूरे एक्सप्रेसवे पर 80 से ज्यादा सोसाइटियां हैं। सोसाइटियों के पास अपने अग्निशमन उपकरण तो होते हैं मगर अधिक ऊंचाई पर और बड़ी आग लगने की स्थिति में ये कामयाब नहीं हैं। दूसरी ओर लोगों को इन सबकी बहुत जानकारी नहीं होती है। जबकि सरकारी अग्निशमन केंद्र यहां से काफी दूर है। एक आधुनिक उपकरणों और यहां की हाई राइज सोसाइटियों को ध्यान में रखते हुए सरकारी अग्निशमन केंद्र की जरूरत है।