धुएं से लोगों का सांस लेना भी हो रहा मुश्किल
संवाद न्यूज एजेंसी
सोहना। सोहना कस्बे के वार्ड नंबर 13 में कूड़े डंपिंग केंद्र में लगी आग 36 घंटे बाद भी नहीं बुझ सकी है। आग के धुएं से लोगों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। आग को बुझाने में अग्निशमन विभाग ने एक गाड़ी व जेसीबी को लगाया था।
नगरपरिषद के वार्ड नंबर 13 पुराना दिल्ली अलवर मार्ग पर स्थित करीब 4 एकड़ में बने कूड़ा केंद्र में शनिवार को अचानक आग लग गई। कूड़े के पहाड़ में लगी आग को एजेंसी कर्मचारी बेपरवाह होकर देखते रहे। आग के उग्र रूप लेने पर अग्निशमन विभाग को सूचना दी गई। विभाग की टीम ने एक गाड़ी व जेसीबी को आग बुझाने पर लगाया, जो करीब 36 घंटे बाद नहीं बुझ सकी है। आग के धुएं से आसपास का माहौल दूषित होकर रह गया है। लोगों को खांसी, जुखाम, सिर में चक्कर आने की समस्या बन गई है। कॉलोनीवासी अनिल, राकेश बताते हैं कि कूड़े के पहाड़ में प्लास्टिक, रबड़, पॉलीथिन आदि के जलने की बदबू से नागरिकों का स्वास्थ्य प्रभावित हो रहा है। जिसके धुएं से सांस लेना भी मुश्किल हो रहा है। सोहना एसडीएम संजीव कुमार सिंगला बताते हैं कि कूड़े में लगी आग को लेकर बुधवार को नगरपरिषद अधिकारियों की बैठक बुलाई गई है, जिसमें एजेंसी ठेकेदार पर कार्रवाई करने पर चर्चा होगी।