फर्रुखनगर में खेल का सपना अटका, 4.73 करोड़ की योजना का फायदा जीरो
संवाद न्यूज एजेंसी
फर्रुखनगर। फर्रुखनगर में प्रस्तावित खेल स्टेडियम की फाइल वर्ष 2021 से सिर्फ दफ्तरों में ही दौड़ रही है। इस कारण खिलाड़ी आज भी अन्य जगहों पर जाकर अभ्यास करने को मजबूर हैं। प्रशासनिक लापरवाही के कारण फर्रुखनगर में खेल का सपना अटक ही गया है। 4.73 करोड़ की योजना का खिलाड़ियों को बिल्कुल फायदा नहीं मिला।
2021 में गुरुग्राम मेट्रोपॉलिटन डेवलपमेंट अथॉरिटी (जीएमडीए) को फर्रुखनगर में ही एक बड़ा स्टेडियम बनाना था। इसके निर्माण पर 4.73 करोड़ रुपये खर्च होने थे। स्टेडियम बनने की घोषणा से नए खिलाड़ियों को तराशने में मदद की उम्मीद बढ़ी थी लेकिन योजना सिर्फ उम्मीद तक ही सिमटकर रह गई। जीएमडीए में 28 सितंबर 2021 में हुई बैठक में इस प्रोजेक्ट पर चर्चा हुई थी। शहर में ताऊ देवीलाल स्टेडियम और नेहरू स्टेडियम है लेकिन गांवों में छोटे खेल परिसरों के अलावा कोई बड़ा खेल स्टेडियम नहीं है। ऐसे में खिलाड़ियों को काफी परेशानी होती है।
फर्रुखनगर में स्टेडियम निर्माण के लिए बैठक में चर्चा हो चुकी है। स्टेडियम के निर्माण पर 4.73 करोड़ रुपये खर्च होंगे और इसमें कई तरह के खेलों की सुविधा मिलेगी। अब नगरपालिका फर्रुखनगर ही खेल स्टेडियम का निर्माण कराएगा । - योगेश राठी, म्यूनीसियल इंजिनियर, फर्रुखनगर नगरपालिका