अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी। भाजपा प्रत्याशी राव इंद्रजीत सिंह ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्रियों से उनकी लड़ाई क्षेत्र हित व जनहित को लेकर रही है। निजी स्वार्थ के लिए नहीं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के युवाओं को रोजगार का मामला हो या जल संसाधन में समान बंटवारे का मामला हो उन्होंने हमेशा क्षेत्र हितों की पैरवी की है।
राव इंद्रजीत बुधवार को अपने चुनाव प्रचार अभियान के तहत रेवाड़ी शहर और कई गांवों को दौरा कर भाजपा के पक्ष में वोट करने की अपील की। रेवाड़ी पहुंचने पर राव का जगह-जगह भव्य स्वागत किया गया। राव ने गांव रामगढ़, मीरपुर, सुनारिया ,रेलवे रोड ,बालाजी मार्केट ,सेक्टर 3 , कृष्णा नगर सरस्वती विहार अन्य स्थानों पर सभाओं को संबोधित किया।
राव के अपने प्रचार अभियान की शुरुआत मीरपुर गांव से की। सुबह जैसे ही उनका काफिला मीरपुर गांव में पहुंचा, यहां पहले से मौजूद जनसमूह ने गाजे-बाजे से राव इंद्रजीत सिंह का स्वागत किया। समर्थकों की भीड़ से गदगद राव इंद्रजीत ने कहा कि यह क्षेत्र के लोगों का प्यार और समर्थन है कि उनकी 45 साल की सियासत को सफल बनाने में हमेशा उनके साथ अडिग होकर खड़े रहे। उन्होंने कहां की एम्स की लड़ाई लड़ी और क्षेत्र में केंद्र सरकार की बड़ी परियोजना लाने में सफल रहे। डेडिकेटिड रेल फ्रेट कॉरिडोर, ऑर्बिटल रेल कॉरिडोर, रेवाड़ी-नारनौल बाईपास व हाईवे, द्वारका और मुंबई एक्सप्रेसवे बातों से ही नहीं बने। इनके लिए केंद्र में मजबूत पैरवी करनी पड़ी है।
बसपा जिला अध्यक्ष ने राव में जताई आस्था
बहुजन समाज पार्टी को बुधवार को उस समय झटका लगा जब पार्टी के जिला अध्यक्ष व धारूहेड़ा नगर पालिका अध्यक्ष प्रत्याशी प्रदीप राव मोजम ने भारतीय जनता पार्टी सदस्यता ग्रहण कर राव इंद्रजीत में अपनी आस्था जताई। राव ने कहा की कांग्रेस के संविधान व आरक्षण खत्म करने के झूठ को दलित समाज समझ गया है।
ब्यूरो