अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। एडीजीपी वाई पूरण कुमार की आत्महत्या और उसके बाद एक अन्य पुलिसकर्मी की आत्महत्या की घटना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। यह कहना है कि केंद्रीय ऊर्जा, आवास एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल का। वह शुक्रवार को फरीदाबाद में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस के दौरान पूछे गए सवाल का जवाब दे रहे थे। उन्होंने कहा कि कुछ लोग इसे जाति से जोड़कर राजनीतिक रंग देने का प्रयास कर रहे हैं। दोनों पुलिस अधिकारियों की मौत की घटनाएं भ्रष्टाचार के इर्द-गिर्द हैं। मनोहर लाल ने कहा कि इस पूरे मामले का हल कानूनी प्रक्रिया से ही निकलना चाहिए। दोनों आत्महत्या मामले में बगैर किसी पक्षपात या भेदभाव के दोनों पक्षों के साथ न्याय होना चाहिये।
हरियाणा में भाजपा सरकार के तीसरे कार्यकाल का एक वर्ष पूरा होने पर आयोजित कार्यक्रम के बाद विकसित भारत पदयात्रा के आयोजन को लेकर केंद्रीय ऊर्जा, आवास एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल ने की प्रेस वार्ता की। उन्होंने बताया कि युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय की ओर से माई भारत के माध्यम से “विकसित भारत पदयात्राओं” का आयोजन किया जा रहा है। इस पहल का उद्देश्य युवाओं में राष्ट्रीय गौरव, एकता की भावना तथा समाज के प्रति जिम्मेदारी की भावना को प्रबल करना है।
मनोहर लाल ने कहा कि यह कार्यक्रम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनभागीदारी और राष्ट्र निर्माण के विज़न से प्रेरित है, जिसमें युवा से लेकर वरिष्ठ नागरिक तक सभी वर्गों की सक्रिय भागीदारी को सुनिश्चित किया जा रहा है। खासकर “अमृत पीढ़ी” यानी आज के युवा राष्ट्र निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।