गुरुग्राम। आठ और नौ नवंबर को कैथल जिले के गांव पयोदा स्थित गवर्नमेंट स्कूल मैदान में हरियाणा सीनियर स्टेट सॉफ्टबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिले के खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता में जिले की बालक टीम ने करनाल को हराकर कांस्य पदक अपने नाम किया। टीम में देवांशु चौहान, यश सिसोदिया, लक्ष्य, देव शेरावत, रोहन, लव कुमार, चंचल यादव, प्रशांत, भावेश, सचित मलिक, भानु डगर, जतिन, गौरव, प्रतीक, योगेश कुमार और मोहित जैसे खिलाड़ियों ने बेहतरीन टीमवर्क, अनुशासन और खेल भावना का प्रदर्शन करते हुए निर्णायकों और दर्शकों पर गहरी छाप छोड़ी। गुरुग्राम जिला सॉफ्टबॉल एसोसिएशन के महासचिव विनोद कुमार ने बताया कि सॉफ्टबॉल विश्व स्तर पर लोकप्रिय टीम गेम है। इस खेल से खिलाड़ियों में टीम भावना, एकाग्रता, शारीरिक क्षमता और रणनीतिक सोच विकसित होती है। उन्होंने कहा कि गुरुग्राम के खिलाड़ी पिछले कई वर्षों से सॉफ्टबॉल में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते आ रहे हैं और राज्य, राष्ट्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अनेक उपलब्धियां हासिल की हैं। संवाद